
हाईवे पर सिक्सलेन काम शुरू ना होने से होने लगी हैं दिक्कतें – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – गाजियाबाद-अलीगढ़ हाईवे को सिक्सलेन का काम पिछले साल दिसंबर में शुरू होने वाला था। मगर, अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है। इससे हाईवे के सिक्सलेन होने में अभी समय लगेगा। हालांकि, हाईवे पर लगातार वाहनों का दवाब बढ़ता जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में दिक्कत होगी। गाजियाबाद-अलीगढ़ हाईवे का निर्माण 2014 में हुआ था। इससे पहले यह हाईवे जीटी रोड के नाम से जाना जाता था। पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत होने के चलते इसकी चौड़ाई बमुश्किल सात मीटर थी। गड्ढों से यह छलनी रहता था। वाहनों का इसपर चलना मुश्किल हो जाया करता था, लंबा जाम लगता था। चार-चार घंटे वाहन जाम में फंसे रहते थे। सबसे अधिक दिल्ली जाने वालों को परेशानी छेलनी पड़ती थी। जाम में फंसे होने के चलते वो समय से आफिस और कारोबार आदि पर नहीं पहुंच पाते थे। कई वर्षों से इसके निर्माण की मांग चल रही थी। मगर, यह टलता जा रहा था। 2014 में केंद्र सरकार के मोहर लगने के बाद इसे फोरलेन किया गया। गाजियाबाद, खुर्जा होते हुए अलीगढ़ तक हाईवे का निर्माण किया गया है। गभाना में हाईवे को बाईपास के माध्यम से बाहर से निकाला गया है। शहर के बीचों-बीच से निकल रही सड़क पुरानी जीटी रोड के नाम से जानी जाती है। हाईवे के फोरलेन होने से लाेगों को काफी सुविधा होने लगी। मगर, इन छह सालों में लगातार वाहनों की भी संख्या बढ़ती चली गई, इसके चलते वाहनों का दबाव हाईवे पर बढ़ता चला गया। अब कई जगहों पर हाईवे पर भी वाहनों की कतार खड़ी होने लगी है। इसे देखते हुए गाजियाबाद-अलीगढ़ हाईवे को फोरलेन से सिक्सलेन की तैयारी की जा रही है। पिछले साल दिसंबर से काम शुरू होना था, मगर अभी तक काम शुरू नहीं हो सका। हालांकि, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग को इसके लिए जमीन अधिग्रहित करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। क्योंकि फोरलेन के निर्माण के समय ही सिक्सलेन की भूमि अधिग्रहित कर ली गई थी। इससे सिर्फ काम की शुरुआत करनी है। हाईवे के दोनों ओर पटरियों को ठीक करके थोड़ा सा बढ़ाया जाएगा। इससे करीब 21 मीटर चौड़ा हाईवे हो जाएगा।