
केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती करने के बाद आम लोगों को राहत देने के लिए एक और फैसला लिया है. उपभोक्ता एवं खाद्य मंत्रालय ने खाने के तेल की कीमतों को कम करने के लिए खाद्य तेल पर बेसिक ड्यूटी समेत कर के कुछ अन्य मदों में कटौती की है.
दिवाली से एक दिन पहले पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 5 व 10 रुपए की कटौती की गई थी.
अब दिवाली के एक दिन बाद खाद्य तेलों की बढ़ी हुई कीमतों को कम करने के लिए कदम उठाए गए हैं.
उपभोक्ता एवं खाद्य मंत्रालय के मुताबिक, कच्चे पाम तेल, कच्चे सोयाबीन तेल और कच्चे सूरजमुखी तेल पर बेसिक ड्यूटी को 2.5 प्रतिशत घटाकर शून्य कर दिया है.
मंत्रालय ने कहा कि बीते एक साल से हो रही खाद्य तेल की कीमतों में बढ़ोतरी को रोकने के लिए यह फैसला लिया गया है.
मंत्रालय ने बताया कि पाम, सोयाबीन और सूजरमुखी तेल से कृषि सेस में भी कटौती की गई है. पाम ऑयल से एग्री सेस को 20 प्रतिशत से घटाकर 7.5 प्रतिशत कर दिया गया है. वहीं कच्चे सोयाबीन और सूरजमुखी तेल पर इसे 5 प्रतिशत करने का फैसला किया गया है.