बयान : महिलाओं को बेबी रानी मौर्य की नसीहत, अंधेरा होने के बाद न जाए थाने

उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बेबी रानी मौर्य ने अपने एक बयान से सबको चौंका दिया। उन्होंने वाराणसी में महिलाओं को अंधेरा होने के बाद थाने नहीं जाने की सलाह दी है। वाराणसी के बजरडीहा इलाके में हो रहें एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा, थानों में एक महिला अधिकारी जरूर होती है। पर मैं महिलाओं से एक बात जरूर कहूंगी कि अंधेरा होने के बाद थाने कभी मत जाना।
बेबी रानी मौर्य ने महिलाओं से आगे कहा, अगर बहुत जरूरी हो तो अगले दिन सुबह जाना और अपने साथ अपने भाई, पति या पिता को लेकर ही थाने जाना। इसके साथ ही उन्होंने पीएम मोदी और सीएम योगी की तारीफ करते हुए कहा, महिलाओं के लिए सरकार ने बहुत काम किया है और व्यवस्था में बदलाव भी हुआ है।
उन्होंने आगे कहा, यूपी में किसानों को खाद संकट पर भी अधिकारियों द्वारा गुमराह किया जा रहा है। आगरा से मुझे एक किसान भाई ने फोन किया था। उसे खाद नहीं मिल रही थी। मेरे कहने पर अधिकारी ने कहा कि खाद उस किसान को मिल जायेंगी। लेकिन बाद में उस अधिकारी ने खाद देने से मना कर दिया। इस तरह की बदमाशी निचले स्तर पर हो रही हैं। अगर आप के साथ भी ऐसा कुछ हो तो डीएम से शिकायत करो या मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री को पत्र लिखो।