MP में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के लिए BJP ने करवाई ऑनलाइन वोटिंग सर्वे

मध्यप्रदेश की राजनीति में भाजपा-कांग्रेस एक दूसरे पर सियासी हमले तो करते ही रहते हैं लेकिन अबकी बार इस सियासत में दिलचस्प मामला सामने आया है. दरअसल, भारतीय जनता पार्टी ने ट्विटर पर एमपी कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए ऑनलाइन वोटिंग सर्वे करवाई है जिसमें सबसे ज़्यादा लोगों ने कांग्रेस के राउ से विधायक जीतू पटवारी को वोट दिया है.
फिलहाल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ काबिज हैं. इसके साथ ही कमलनाथ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी हैं. लंबे समय से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि कमलनाथ इनमें से कौन सा एक पद छोड़ेंगे. भारतीय जनता पार्टी भी समय-समय पर इसे लेकर कांग्रेस पर निशाना साधती रही है लेकिन अब सोशल मीडिया पर इस अनोखे ऑनलाइन पोलिंग के जरिए भाजपा ने कांग्रेस को घेरा है.
एमपी बीजेपी ने ट्विटर पर ऑनलाइन पोलिंग करवाई और पूछा है कि कांग्रेस आलाकमान कमलनाथ को हटाकर किसे नया कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बना रही है? इसमें विकल्प के तौर पर जीतू पटवारी, जयवर्धन सिंह और सज्जन सिंह वर्मा का नाम भी दिया गया है.