
आखिरकार पाकिस्तान ने माना- J&K से 370 हटाना भारत का आंतरिक मामला
पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. पाकिस्तान के न्यूज चैनल समा टीवी को दिए इंटरव्यू में महमूद कुरैशी ने आर्टिकल 370 को भारत का आंतरिक मामला माना है. अभी तक पाकिस्तान आर्टिकल 370 हटाए जाने का विरोध करता रहा था, लेकिन आर्टिकल 370 हटने के 21 महीने बाद महमूद कुरैशी ने सार्वजनिक तौर पर इसे भारत का आंतरिक मसला बताया है.
केंद्र सरकार ने 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर को खास दर्जा देने वाले आर्टिकल 370 को हटा दिया था. इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी बांट दिया था. दोनों को ही केंद्र शासित प्रदेश बना दिया गया. हालांकि, जम्मू-कश्मीर को विधानसभा वाला केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया है, जबकि लद्दाख में विधानसभा नहीं है.