
पीएम मोदी के पैरों में झुकते हैं तमिलनाडु CM तो अच्छा नहीं लगता’- चेन्नई में बोले राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी में रिश्ते तभी चलते हैं जब आप प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के आगे सिर झुकाएंगे.
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज रविवार को चेन्नई में एक सार्वजनिक रैली की. रैली में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर जमकर निशाना साधा. राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा में तभी रिश्ते टिक सकते हैं जब आप पार्टी के बड़े नेताओं के पैर छूते रहें. इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ई पलानीस्वामी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने झुककर उनके पैर छूते हुए देखा है और इस तरह झुकने के लिए मजबूर होना उन्हें अच्छा नहीं लगता.
राहुल गांधी ने एक तस्वीर का हवाला देते हुए बीजेपी के बड़े नेताओं पर आरोप लगते हुए कहा कि बीजेपी में रिश्तों के चलने की संभावना तभी है, जब आप प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के आगे सिर झुकाएंगे. उन्होंने आगे कहा, “मैंने देखा है कि प्रधानमंत्री मोदी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को कंट्रोल कर रहे हैं और शान्ति से उन्हें पैर छूने के लिए कह रहे हैं. हाल ही में एक जूनियर कांग्रेस नेता BJP में शामिल हुए थे और वह अमित शाह से मिलने की तस्वीर लेकर आए थे. मैंने उन्हें अमित शाह के पैर छूते हुए देखा.
मुख्यमंत्री खुद भ्रष्ट हैं, इसलिए झुक रहे हैं”
उन्होंने कहा मैं यह स्वीकार नहीं कर सकता. हालांकि, इतनी बड़ी भाषा और परंपरा वाले राज्य के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को अमित शाह के आगे झुकने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन क्योंकि वह भी भ्रष्टाचार में लगे हुए हैं, इसलिए वह अमित शाह और पीएम मोदी के आगे झुकने के लिए मजबूर हैं. इससे मुझे गुस्सा आया कि नेता इन लोगों के सामने झुक रहे हैं और यही कारण है कि मैं आज यहां हूं. मैं तमिल लोगों के साथ एक ऐसा रिश्ता बनाना चाहता हूं जो बराबरी का हो.