
मुथूट ग्रुप के चेयरमैन एमजी जॉर्ज मुथूट का हुआ निधन
मुथूट ग्रुप के चेयरमैन एमजी जॉर्ज मुथूट का निधन हो गया है. उन्होंने देश की राजधानी दिल्ली में 71 वर्ष की उम्र में आखिरी सांस ली. एमजी जॉर्ज को अपने घर पर सीढ़ियों से गिरने के बाद दिल्ली के एस्कॉर्ट्स अस्पताल ले जाया गया था. जिसके बाद कल शाम करीब 6.58 बजे अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया. एमजी जॉर्ज मुथूट देश के जाने माने कारोबारी के रूप में पहचान रखते थे.
एमजी जॉर्ज अपने परिवार की तीसरी पीढ़ी के उद्यमी थे, जो मुथूट समूह के अध्यक्ष बने. एमजी जॉर्ज के नेतृत्व में, कंपनी ने विकास की नई ऊंचाइयों को देखा और आज यह देश में नंबर 1 गोल्ड लोन एनबीएफसी बनी है.
कोच्चि स्थित मुथूट फाइनेंस सोने लेकर ऋण प्रदान करता है. मुथूट फाइनेंस समाज के प्रत्येक वर्ग के लोगों को बेहद आसान नियम और शर्तें पर ऋण प्रदान करता है. इसके गोल्ड लोन की सीमा 1,500 रुपए से शुरू होकर किसी भी अधिकतम सीमा तक है. फोर्ब्स एशिया मैगजीन ने 2011 में भारत के 50 वें सबसे अमीर आदमी के रूप में एमजी जॉर्ज मुथूट को सूचीबद्ध किया और 2019 में फोर्ब्स इंडिया की सबसे अमीर सूची के अनुसार उनकी रैंकिंग भारत में 44 वें सबसे अमीर व्यक्ति के रुप में थी.