
चुनाव से पहले असम में ₹5 सस्ता हुआ पेट्रोल-डीज़ल, शराब पर भी टैक्स घटा
असम में पेट्रोल-डीजल अब 5 रुपये सस्ता हो गया है. जबकि, शराब पर लगने वाला टैक्स भी 25 फीसदी तक कम हो चुका है. नये रेट आज रात से लागू हो जाएंगे. असम की राज्य सरकार ने आज इस बारे में जानकारी दी है. पेट्रोल-डीज़ल और शराब सस्ती करने का यह फैसला असम में विधानसभा चुनाव से करीब 1 महीने पहले आया है. खासतौर से यह एक ऐसा समय भी है, जब देश भर में ईंधन की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं. असम के वित्त मंत्री हिमंता बिस्वास ने विधानसभा में इसका ऐलान किया.
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया गया कि जब कोरोना संकट अपने चरम पर था, तब पेट्रोल, डीज़ल और शराब पर अतिरिक्त सेस लगाया गया था. चूंकि, अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या काम होच चुकी है…. कैबिनेट ने आज सुबह इस अतिरिक्त सेस को हटाने के प्रस्ताव को सहमति दी है… इसलिए अब राज्य में पेट्रोल और डीज़ल 5 रुपये प्रति लीटर तक सस्ता हो रहा है. इससे राज्य में लाखों ग्राहकों को राहत मिल सकेगी.
असम में आज वोट-ऑन अकाउंट बजट पेश किया गया है, जिसमें सरकार ने करीब 60,784.03 करोड़ रुपये खर्च करने का ऐलान किया है. यह अगले वित्त वर्ष के पहले 6 महीने के लिए होगा.