
मोदी सरकार का सबसे बड़ा रक्षा सौदा, 83 तेजस की डील पर लगी मुहर, एयर इंडिया शो का हुआ आगाज़
मोदी सरकार ने आज आखिरकार 83 तेजस लाइट कॉम्बैट विमानों की डील पर साइन कर दिए हैं. यह औपचारिक प्रक्रिया बेंगलुरु में आयोजित एयरो इंडिया 2021 कार्यक्रम के दौरान की गई. इन विमानों का निर्माण हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड करेगा. खास बात है कि इसे स्वदेशी मिलिट्री एविएशन सेक्टर की सबसे बड़ी डील माना जा रहा है. आज एयरो इंडिया शो का भी आगाज हुआ.
रक्षा मंत्रालय के महासचिव (अधिग्रहण) वीएल कांताराव की तरफ से एचएएल के एमडी आर माधवन को कॉन्ट्रैक्ट दिया गया. बेंगलुरु में एयरो इंडिया कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येडियुरप्पा की उपस्थिति में हुई. कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में 3 Mi-17 हेलीकॉप्टर्स ने मार्च पास्ट किया.
HAL की तरफ से बनाया जा रहा तेजस सिंगल इंजन का फुर्तीला विमान है. यह मल्टी रोल सुपरसॉनिक लड़ाकू विमान गंभीर वायु वातावरण में काम करने में सक्षम है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी ने बीते महीने 73 तेजस Mk-IA विमानों और 10 LCA तेजस Mk-I ट्रेनर एयरक्राफ्ट की डील को मंजूरी दी थी. इससे भारतीय वायुसेना की ताकत में काफी इजाफा होगा.