
*Kisan Aandolan: जींद में कृषि कानूनों के विरोध में लघु सचिवालय घुसे किसान, पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ी…* *Aandolan: किसान नेताओं ने कहा कि अब खेती और जमीन बचाने के लिए संघर्ष तेज करने की जरूरत है. किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी चौकन्ना हो गया है…..* *जींद.* कृषि कानूनों के विरोध में धरने पर बैठे किसानों ने सोमवार को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया. हरियाणा में भी जिलों में किसानों (Farmers) ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. जींद के लघु सचिवालय में किसान पुलिस (Police) द्वारा लगाई बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए अंदर घुस गए. किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस दौरान वो अनशन पर बैठ गए. साथ में जिले भर से किसानों के जत्थे लघु सचिवालय पहुंच रहे हैं. प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है. किसान संगठन और किसान सरकार से कानून वापस लेने की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे हैं. फतेहाबाद में किसान संघर्ष समन्वय समिति और किसान सभा के नेतृत्व में सोमवार सुबह 11 बजे ही किसान लघु सचिवालय पहुंच गए. किसानों ने अपने ट्रैक्टर लघु सचिवालय परिसर के अंदर घुसा दिए. जहां पुलिस ने बैरिकेड लगाए हुए थे. वहां रुक कर किसानों ने काफी देर तक केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. बाद में किसानों को समझा कर लघु सचिवालय के गेट पर बने पार्क में भेज दिया गया. *किसान नेताओं ने कही ये बात….* किसान नेताओं ने कहा कि अब खेती और जमीन बचाने के लिए संघर्ष तेज करने की जरूरत है. केंद्र सरकार बार-बार वार्ता के नाम पर ढकोसला कर रही है, लेकिन अब लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने की जरूरत है. इस दौरान लघु सचिवालय परिसर में दोनों तरफ भारी पुलिस बल तैनात रहा. सोनीपत में किसानों ने गोहाना रोड जाम किया. वहीं, सिरसा में अपनी मांगों के समर्थन में किसानों ने लघु सचिवालय का घेराव किया.