इंडिगो ने कंगना रनौत के साथ व्यवहार को लेकर 9 मीडियाकर्मियों पर लगाया ट्रैवल बैन

बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत और शिवसेना के बीच चले घमासान के दौरान लॉकडाउन के बाद एक्ट्रेस हिमाचल में अपने घर से मुंबई गई थीं. इस दौरान कंगना रनौत ने चंडीगढ़ से मुंबई की फ्लाइट ली थी. इंडिगो की इस फ्लाइट में उन्हें कवर करने के लिए कई मीडियाकर्मी भी बैठे थे. अब इंडिगो ने इस फ्लाइट में सवार 9 मीडियाकर्मियों पर 15 दिन यात्रा का प्रतिबंध लगा दिया है.
इंडिगो एयरलाइंस की ओर से ऐसा कदम उठाने के पीछे इन मीडियाकर्मियों को फ्लाइट में खराब बर्ताव बताया जा रहा है. इंडिगो के अनुसार इन लोगों का व्यवहार फ्लाइट में अच्छा नहीं था. यह एयरलाइंस के नियमों के विरुद्ध है. यह घटना 9 सितंबर की है. कंपनी के अनुसार 9 मीडियाकर्मियों पर 15 अक्टूबर से 30 अक्टूबर के बीच यात्रा प्रतिबंध लगाया गया है.
डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन ने इंडिगो से 9 सितंबर की घटना का संज्ञान लेते हुए इस सिलसिले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे. डीजीसीए ने विमानन कंपनी को कहा था कि चंडीगढ़ से मुंबई जा रही फ्लाइट में हंगामा करने वाले लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए. कंगना इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-264 में पहली रो में बैठी थीं. विमान में सवार मीडियाकर्मी इस दौरान उनकी बाइट लेने के लिए मानो टूट पड़े थे.