
बरेली। फरीदपुर पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर दबिश देकर अवैध हथियारों का जखीरा रखने वाले एक अभियुक्त को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर ट्यूबवेल से दो अवैध देशी तमंचे, 16 जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
गश्त के दौरान मिली थी सटीक सूचना
प्रभारी निरीक्षक अमित पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक लोकेश तोमर, कांस्टेबल अमित कुमार, विक्रांत और रोहित कुमार की टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सारीपुर की ओर जाने वाली कच्ची चकरोड से करीब 50 मीटर पश्चिम स्थित एक ट्यूबवेल पर संदिग्ध व्यक्ति हथियारों के साथ मौजूद है। पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी करते हुए मौके से एक युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रेमपाल पुत्र नत्थू सिंह, निवासी ग्राम खनपुरा, थाना फरीदपुर बताया।
तलाशी में पहले मिला तमंचा, फिर खुला राज
तलाशी के दौरान आरोपी की कमर से एक अवैध देशी पोना तमंचा 312 बोर और 7 जिंदा कारतूस बरामद हुए। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने कबूल किया कि उसने ट्यूबवेल के अंदर और भी असलहे छिपा रखे हैं। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर ट्यूबवेल से एक 315 बोर का तमंचा, 312 बोर के 9 और जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस (312 व 315 बोर) बरामद किए।
’शानो-शौकत और रंजिश के लिए रखे थे असलहे’
पुलिस पूछताछ में प्रेमपाल ने बताया कि इलाके में रौब गालिब करने, शानो-शौकत दिखाने और अपनी सुरक्षा के लिए उसने बिना लाइसेंस के ये असलहे खरीदे थे। उसका गांव में कुछ लोगों से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा है। उसने यह भी बताया कि वह खेत की रखवाली के दौरान जंगली जानवरों और आवारा पशुओं को भगाने के लिए हवाई फायरिंग करता था, जिसके खोखे पुलिस को मिले हैं।
आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रेमपाल का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ फरीदपुर थाने में मारपीट और जानलेवा हमले से जुड़ी संगीन धाराओं में पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं। अब आर्म्स एक्ट का नया मुकदमा दर्ज कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।