मुख्यमंत्री के आगमन पर : शारदीय नवरात्र और ‘मिशन शक्ति के तहत कलाकारों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा


बरेली। मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ जी के बरेली आगमन के गरिमामयी अवसर पर बरेली क्लब मैदान स्थित शिक्षक सभा संबोधन स्थल पर एक बेहद भव्य और सराहनीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शारदीय नवरात्र और ‘मिशन शक्ति फेस 6.0’ के विशेष अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम पूर्णतः महिला सशक्तिकरण एवं मातृशक्ति सम्मान को समर्पित रहा।
जिला प्रशासन बरेली के आदेश क्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा पंजीकृत ‘वीर विजय नृत्य नाट्य संस्था’ के कलाकारों ने इस दौरान अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन किया। संस्था के निदेशक रवि प्रकाश सक्सेना के कुशल निर्देशन में तैयार इस सांस्कृतिक मंचन ने उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया।


नारी शक्ति के प्रतीकों का जीवंत मंचन
सांस्कृतिक प्रस्तुति के दौरान कलाकारों ने मां दुर्गा और मां काली के अलौकिक स्वरूपों का बेहद जीवंत और भावपूर्ण मंचन किया। कला के माध्यम से कलाकारों ने यह संदेश दिया कि नारी केवल अबला नहीं, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर महिषासुर जैसी आसुरी शक्तियों का संहार करने वाली साक्षात शक्ति का स्वरूप है। यह मंचन समाज में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक बेहतरीन और दूरगामी प्रयास साबित हुआ।
पूरी टीम की चौतरफा सराहना
इस भव्य प्रस्तुति में मुख्य किरदार निभाने वाले कलाकारों—हरजीत कौर, अल्पना शर्मा, लतिका तिवारी, आशा दिवाकर, नीलम वर्मा, भावना मिश्रा, देवेंद्र कुमार, सोनू, शिवम शर्मा, गोपाल श्रीवास्तव, मोहित कुमार और ऋषि रंजन सहित पूरी टीम के अभिनय और समर्पण की हर स्तर पर जमकर सराहना की गई।
यह आयोजन कला और संस्कृति के माध्यम से समाज को जागरूक करने और उत्तर प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति’ अभियान के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर उभरा है।
कार्यक्रम के सफल समापन के उपरांत संस्था निर्देशक रवि प्रकाश सक्सेना ने जिला प्रशासन बरेली एवं जिला सूचना अधिकारी का आभार प्रकट किया।

    About The Author

    पं.सत्यम शर्मा

    Learn More →

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks