
बरेली। थाना शीशगढ़ क्षेत्र के गोकुलपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बीच-बचाव करने आए भाई की गर्दन पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया, जबकि दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को आला-ए-कत्ल चाकू के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
चौराहे पर अचानक बोला हमला
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गोकुलपुर चौराहे पर आरोपी विशाल उर्फ नितिन अपने चाचा शेरा के साथ खड़ा था। उसी दौरान हरदेव अपने भाई अर्जुन उर्फ पंकज के साथ वहां पहुंचा। देखते ही देखते पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया और विशाल ने हरदेव पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। अपने भाई को बचाने दौड़े अर्जुन की गर्दन पर आरोपी ने ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
5 साल पुरानी शादी बनी कत्ल की वजह
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक के भाई सुरेंद्र की तहरीर पर शीशगढ़ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर मुख्य आरोपी विशाल उर्फ नितिन को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए खुलासा किया कि करीब 5 साल पहले हरदेव ने गांव की ही एक युवती से शादी की थी। इसी बात को लेकर वह लंबे समय से रंजिश पाले बैठा था और इसी खुन्नस में उसने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की छानबीन की जा रही है।