
बरेली। जिले में लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। डीएम अविनाश सिंह के निर्देश पर राजस्व टीमें प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जनहानि, मकान, फसल और पशुहानि का सर्वे कर रही हैं।
अतिवृष्टि में दो लोगों की मौत हुई है। मीरगंज के गौरा लोकनाथपुर में खपरैल गिरने से फूला देवी की मृत्यु हो गई। वहीं नवाबगंज के मिर्जापुर जागीर में करंट की चपेट में आए कृपाल सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई।
39 मकान क्षतिग्रस्त

जिले में अब तक 39 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना दर्ज हुई है। अधिकारियों द्वारा मौके पर सत्यापन कर पात्र परिवारों को नियमानुसार राहत देने की कार्रवाई की जा रही है।
जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकासी का काम जारी है। विद्युत विभाग क्षतिग्रस्त तार और ट्रांसफार्मर दुरुस्त कर रहा है। गौशालाओं में चारा, पानी और पशुओं की सुरक्षा की निगरानी की जा रही है।
फसल क्षति का सर्वे भी गांव-गांव कराया जा रहा है। 33 प्रतिशत या उससे अधिक नुकसान होने पर पात्र किसानों को राहत राशि दी जाएगी। प्रशासन अधिकारियों को नुकसान की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।