
बरेली। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से विद्यालय निरीक्षण के दौरान अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए 117 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक व अन्य कर्मचारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। यह कार्रवाई 21 अगस्त से 24 सितंबर 2026 के बीच जिला, ब्लॉक एवं विभागीय अधिकारियों तथा जिला समन्वयकों द्वारा किए गए विद्यालय निरीक्षण के आधार पर की गई है।
बीएसए कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार संबंधित कर्मचारियों को नोटिस/आदेश प्राप्त होने के तीन कार्यदिवस के भीतर अनुपस्थिति के संबंध में साक्ष्यों सहित अपना स्पष्टीकरण जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराना होगा।
जारी सूची में आलमपुर जाफराबाद, बहेड़ी, बरेली नगर, भदपुरा, भोजीपुरा, भुता, बिथरी चैनपुर, दमखोदा, फरीदपुर, फतेहगंज पश्चिमी, क्यारा, मझगवां, मीरगंज, नवाबगंज, रामनगर और शेरगढ़ समेत विभिन्न विकासखंडों के कर्मचारी शामिल हैं।
सूची में सहायक अध्यापक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, प्रधानाध्यापक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तक शामिल हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण नहीं देने अथवा स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
बीएसए कार्यालय ने संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि वे संबंधित शिक्षक-कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर अपनी संस्तुति सहित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं।