
बरेली/लखनऊ। ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने होटल-रेस्टोरेंटों के खिलाफ सघन जांच अभियान तेज कर दिया है। 24 सितंबर को मुरादाबाद, प्रयागराज, अयोध्या, बरेली, गोरखपुर और कानपुर नगर में कुल 317 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
जांच में कई स्थानों पर खराब सफाई, जाम ड्रेनेज, कॉकरोच व कीड़े-मकौड़े, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री तथा वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों के अनुचित भंडारण जैसी गंभीर कमियां सामने आईं। बरेली के कृष्णा भोजनालय, स्टेशन रोड में जाम ड्रेनेज, कॉकरोच और असुरक्षित स्टोरेज व्यवस्था मिली।
सबसे अधिक अयोध्या में 97, कानपुर नगर में 60, मुरादाबाद में 52, प्रयागराज में 40 तथा बरेली और गोरखपुर में 34-34 इकाइयों की जांच हुई। कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर और अयोध्या में भी कई प्रतिष्ठानों में खाद्य स्वच्छता मानकों की गंभीर अनदेखी मिली।
विभाग ने स्पष्ट किया कि शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखना, स्वच्छ किचन, सुरक्षित स्टोरेज और क्रॉस-कंटेमिनेशन रोकना अनिवार्य है। गंभीर अनियमितताओं वाले प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति के साथ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।