
बरेली। जनपद में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य के निर्देश पर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी, गौकशी, हत्या, लूट, वाहन चोरी और गंभीर आपराधिक वारदातों में लिप्त कुल 21 शातिर अपराधियों की क्लास (B) हिस्ट्रीशीट खोल दी है।
एसएसपी ने सभी संबंधित थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इन सभी हिस्ट्रीशीटरों की हर गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जाए और दोबारा अपराध में सक्रिय पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इन थानों में दर्ज हुआ रिकॉर्ड:
कार्रवाई के तहत आंवला में 4, शीशगढ़ व भमौरा में 3-3, फरीदपुर व कैंट में 2-2 तथा शाही, देवरनिया, शेरगढ़, बहेड़ी, नवाबगंज, किला व अलीगंज थाने में 1-1 अपराधी की हिस्ट्रीशीट खोली गई है।
अपराध वार ब्योरा:
दर्ज हिस्ट्रीशीटों में सर्वाधिक 6 अपराधी मादक पदार्थ तस्करी के हैं। इसके अलावा पशु क्रूरता/तस्करी, हत्या/लूट और गौकशी/लूट के 3-3, हत्या के प्रयास के 2 तथा चोरी, वाहन चोरी, मारपीट व बलवा के 1-1 अपराधी शामिल हैं।
शीर्ष अपराधी रडार पर:
कार्रवाई की जद में आए प्रमुख हिस्ट्रीशीटरों में शीशगढ़ का अकील अहमद (20 मुकदमे), शाही का इमरान (15 मुकदमे), अलीगंज का रामभरोसे (14 मुकदमे), नवाबगंज का सूरजपाल उर्फ सूरज पाठक (12 मुकदमे), बहेड़ी का मो० शाकिर (10 मुकदमे), शेरगढ़ का ओमप्रकाश (10 मुकदमे) और कैंट का मुकुल यादव (10 मुकदमे) शामिल हैं।
