
बरेली। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित रविन्द्रालय में अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के उपलक्ष्य में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी/लाइन्स) अंशिका वर्मा के पर्यवेक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में ‘अखिल उत्तर प्रदेश बधिर संस्था’ के पदाधिकारियों द्वारा पुलिसकर्मियों को भारतीय सांकेतिक भाषा का बुनियादी व व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

इसका उद्देश्य थानों में आने वाले मूक-बधिर फरियादियों की समस्याओं को सीधे समझकर उनकी मदद करना है।
कार्यशाला में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी चमन सिंह ने दिव्यांगों की भाषा व आवश्यकताओं के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान एएसपी शिवम आशुतोष सिंह, वामा सारथी प्रभारी श्रुति सिंह और संस्था के पदाधिकारियों सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम की व्यवस्था व संचालन प्रतिसार निरीक्षक हरमीत सिंह ने किया।