
बरेली। छावनी परिषद बरेली द्वारा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो दिवसीय ‘होम कम्पोस्टिंग प्रोग्राम’ का आयोजन किया जा रहा है। ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत यह कार्यक्रम 23 और 24 सितम्बर को सुबह 11:30 बजे छावनी स्थित ‘युगवीणा’ में होगा।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश “Say No to Plastic” रखा गया है। इस दौरान नागरिकों को घर से निकलने वाले गीले कचरे से आसान तरीके से जैविक खाद तैयार करने की तकनीक सिखाई जाएगी। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने और कचरे के सही पृथक्करण (गीला व सूखा अलग करना) के प्रति जागरूक किया जाएगा।
छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “कचरा समस्या नहीं, संसाधन बने”—इस सोच के साथ हर घर कम्पोस्टिंग अपनाए, ताकि लैंडफिल तक जाने वाला कचरा कम हो सके और एक हरित, स्वच्छ छावनी का निर्माण संभव हो।