मिलावटखोरों पर डीएम अविनाश सिंह का सख्त रुख—‘जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’

गलत लेन में ई-रिक्शा दौड़ाने वालों पर होगी कार्रवाई। व साप्ताहिक बंदी तोड़ने वाले दुकानदारों पर भी कसेगा शिकंजा

बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला व्यापार बंधु की बैठक हुई। बैठक में व्यापारिक संगठनों ने व्यापारियों से जुड़ी समस्याएं और सुझाव रखे, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी का मुद्दा प्रमुखता से उठा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आमजन का स्वास्थ्य शासन की प्राथमिकता है और मिलावटखोरी किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मिलावट के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
कुदेशिया रोड स्थित अंडरपास के एक छोर पर सड़क क्षतिग्रस्त होने और गड्ढों में पानी भरने की शिकायत पर डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भगत सिंह को क्षतिग्रस्त सड़क और गड्ढों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
वहीं ई-रिक्शा के गलत लेन में संचालन की शिकायत पर जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान को नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
व्यापारियों ने कुछ दुकानदारों द्वारा साप्ताहिक बंदी के आदेशों का उल्लंघन किए जाने की जानकारी भी दी। इस पर डीएम ने अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी को संबंधित क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेने और नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग भगत सिंह सहित संबंधित अधिकारी और व्यापार बंधु के सदस्य मौजूद रहे।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks