
बरेली। जनपद में गणेश चतुर्थी मूर्ति विसर्जन यात्रा और रामगंगा नदी में होने वाले भव्य विसर्जन को लेकर पुलिस-प्रशासन ने कमर कस ली है। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और शहर में सुगम यातायात बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने 3 दिवसीय व्यापक रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है।
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, यह डायवर्जन 18 सितंबर 2026 की सुबह 6:00 बजे से लेकर 20 सितंबर 2026 की रात 8:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि में शहर की ओर आने वाले सभी प्रकार के भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
इन रास्तों से शहर में भारी वाहनों की ‘नो-एंट्री’:
यातायात पुलिस के अनुसार, परसाखेड़ा रोड नंबर-01, विल्वा, विलयधाम, लालपुर कट, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर, सैटेलाइट तिराहा, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा से शहर की सीमा में किसी भी भारी वाहन को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
कैसा रहेगा रूट? कहाँ से निकलेंगे भारी वाहन:
बरेली आने वाले वाहन: दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की तरफ से बरेली आने वाले भारी वाहन झुमका तिराहा से परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र रोड नंबर-01 तक और बड़ा बाईपास से इन्वर्टिस तिराहा होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक आ-जा सकेंगे।
लखनऊ जाने वाले वाहन: दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत मार्ग से लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को झुमका तिराहा से विल्वा, विलयधाम, इन्वर्टिस तिराहा होकर निकाला जाएगा। वापसी भी इसी मार्ग से होगी।
बदायूं जाने वाले वाहन: दिल्ली, नैनीताल और पीलीभीत की तरफ से बदायूं जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा, फरीदपुर, दातागंज होते हुए अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
बरेली से बदायूं रूट: बरेली से बदायूं जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा, फरीदपुर, दातागंज होते हुए निकलेंगे।
बदायूं से बरेली आने वाले वाहन: बदायूं की तरफ से बरेली आने वाले भारी वाहनों को देवचरा चौराहे से दातागंज, फरीदपुर, बड़ा बाईपास होते हुए बरेली ट्रांसपोर्ट नगर तक भेजा जाएगा।
रामगंगा की तरफ पूरी तरह रोक: बरेली-बदायूं मार्ग पर देवचरा चौराहे, बुखारा मोड़ और चौपला पुल से रामगंगा की तरफ सभी भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिसअधीक्षक अकमल खान ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि वे असुविधा और जाम से बचने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।