*शोपियां में आतंकियों ने पुलिसकर्मी को अगवा किया, सुरक्षा बलों कुछ ही घंटों में छुड़ाया, ऑपरेशन जारी*
दक्षिण कश्मीर के शोपियां में गुरुवार रात आतंकियों द्वारा अपहृत पुलिसकर्मी को सुरक्षाबलों ने कुछ घंटे में ही छुड़वा लिया है। आतंकियों को तलाशने के लिए सुरक्षाबलों की ओर से जोरदार अभियान शुरू कर दिया गया है। सुरक्षाबल पुलिस के सिपाही से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिसकर्मी एसडीपीओ जाकुरा के एस्कॉर्ट दस्ते में तैनात था और फिलहाल छुट्टी पर घर आया था। बताया जाता है कि गुरुवार रात सवा नौ बजे के करीब पुलिस कांस्टेबल जावेद जब्बार का पूरा परिवार खाना खाकर सोने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान अचानक स्वचालित हथियारों से लैस तीन आतंकी गांव में आए और सिपाही जावेद जब्बार के घर में घुस गए। आतंकियों ने महिलाओं और पुरुषों को अलग-अलग खड़ा किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस कांस्टेबल जावेद जब्बार को अपने साथ चलने के लिए कहा। परिजनों को धमकी देकर आतंकी से अगवा कर अपने साथ ले गए। आतंकियों के जाने के बाद परिजनों ने तुरंत निकटवर्ती पुलिस चौकी में सूचित करने के अलावा वरिष्ठ अधिकारियों को भी जानकारी दी। सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया और चप्पे-चप्पे की तलाशी आंरभ कर दी।