
बरेली। दबंगों ने सरेराह सिटी बस के आगे बुलेट लगाकर रास्ता रोका और फिर चालक- परिचालक के साथ मारपीट की। चालक आरोपियों की शिकायत करने थाने पहुंचा तो आरोपी भी वहां पहुंच गए। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
भोजीपुरा के पीपलसाना निवासी सिटी बस चालक रंजीत सिंह ने बताया कि वह रविवार दोपहर परिचालक आशीष के साथ जंक्शन से बस लेकर मिनी बाईपास की ओर जा रहे थे। जब वह डेलापीर चौराहे के पास पहुंचे तो एक बुलेट पर तीन लोग उनकी बस के आगे आए और रास्ता रोक लिया। बस रुकते ही आरोपियों ने चालक व परिचालक से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी मारपीट तक पहुंच गए और जान से मारने की धमकी देने लगे। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। चालक बस लेकर इज्जतनगर थाने पहुंचा तो आरोपी उसका पीछा करते हुए थाने तक आ गए। चालक ने सारी बात पुलिस को बताई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जाने लगी।