
बरेली । जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यावरण एवं गंगा समिति की बैठक हुई। बैठक में जैव चिकित्सा अपशिष्ट, रामगंगा नदी संरक्षण, सीवेज प्रबंधन, ठोस कचरा निस्तारण, सिंगल यूज़ प्लास्टिक और वृक्षारोपण समेत पर्यावरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
डीएम ने अस्पतालों से निकलने वाले जैव चिकित्सा अपशिष्ट का सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। नियमों का पालन नहीं करने वाली हेल्थ केयर फैसिलिटीज को चिन्हित कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने को कहा।

रामगंगा के कैचमेंट क्षेत्र की नालियों की सफाई और सीवेज प्रबंधन की समीक्षा करते हुए अनटैप्ड जल के उपचार के लिए नगर निकायों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ जब्ती और प्रवर्तन अभियान तेज करने को कहा।
लीगेसी वेस्ट के निस्तारण की समीक्षा में बताया गया कि अब तक करीब 15 लाख टन कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा चुका है। डीएम ने शेष कचरे के निस्तारण के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
प्रदूषणकारी वाहनों पर जुलाई में कार्रवाई के दौरान 542 वाहनों के चालान कर 54.20 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला गया। परिवहन विभाग ने भी 43 वाहनों के चालान किए।
बैठक में डीएफओ दीक्षा भंडारी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।