
बरेली, रामपुर। छात्रों के अधिकारों और उन पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में मंगलवार को रामपुर में उत्तर प्रदेश पश्चिम युवा कांग्रेस ने भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, राष्ट्रीय सचिव विशाल चौधरी एवं प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला के नेतृत्व में विशाल प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गांधी समाधि पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद गांधी जी के सत्य, अहिंसा और लोकतांत्रिक संघर्ष के सिद्धांतों का अनुसरण करते हुए सैकड़ों युवा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण मार्च निकालते हुए आगे बढ़े।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने जुलूस को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके विरोध में राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला समेत बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से गिरफ्तारी देकर अपना विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान उदय भानु चिब ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस छात्रों के अधिकारों, बेहतर शिक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों के साथ अन्याय समाप्त नहीं होगा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला ने कहा कि उत्तर प्रदेश पश्चिम युवा कांग्रेस छात्रों की आवाज़ को कभी दबने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पूरे प्रदेश में छात्रों के हितों को लेकर ऐसे जनआंदोलन और प्रदर्शन लगातार किए जाएंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष अर्सलान खान, जिला अध्यक्ष आरिफ अल्वी, विधानसभा अध्यक्ष यासिर खान, पूर्व विधायक संजय कपूर, पूर्व जिला अध्यक्ष नुमान खान, मेहरबान अली खान, अयान अली खान, अवनीत बसोया, शादाब अब्बासी, एहसान साहिल, अर्सल अहमद, फिरोज़ खान, मुश्ताक अली खान, रवि कुमार, मुख्तार सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।