
बरेली। भ्रष्टाचार के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली मंडल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पीलीभीत के बीसलपुर तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक हरिज्ञान सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
बताया गया कि शिकायतकर्ता रिंकू गंगवार ने आरोप लगाया था कि जमीन की पैमाइश की रिपोर्ट और आख्या देने के नाम पर राजस्व निरीक्षक ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने जाल बिछाया और तय योजना के अनुसार आरोपी को ईदगाह चौराहा, बीसलपुर पर रिश्वत लेते ही धर दबोचा।
यह कार्रवाई ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सान्याल के नेतृत्व में की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में थाना सुनगढ़ी, जनपद पीलीभीत में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।