अधूरे काम पूरे करो या जवाब दो — एन-कैप समीक्षा में डीएम का सख्त संदेश : 15 दिन में दें जवाब

बरेली। जिले में विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निगम की एन-कैप (NCAP) योजना की समीक्षा बैठक की। बैठक में अधूरे कार्यों और लंबित परियोजनाओं पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
डीएम ने नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि जिन विकास कार्यों के टेंडर अभी तक नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल तैयार कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। वहीं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की लंबित सड़कों पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पत्राचार कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन नई सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है, उनके दोनों ओर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराया जाए और पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड भी लगाए जाएं। साथ ही सभी पूर्ण एवं प्रगति पर चल रहे कार्यों का विवरण संबंधित पोर्टल पर समय से अपलोड करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को पूर्ण कार्यों का सत्यापन टीम गठित कर कराने के निर्देश दिए। वहीं वन विभाग को मियावाकी पद्धति के तहत जिन स्थानों पर अभी तक वृक्षारोपण नहीं हुआ है, वहां डीपीआर तैयार कर शत-प्रतिशत पौधारोपण सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग निर्धारित समय सीमा में कार्यों को पूरा करें। इन निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा के लिए 15 दिन बाद दोबारा बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग भगत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks