
बरेली । आज तड़के सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब संजय नगर चौराहे के पास 60 से अधिक CNG सिलेंडरों से भरा एक ट्रक बारिश के बीच अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक पलटते ही सिलेंडरों से गैस का रिसाव शुरू हो गया और तेज धमाके जैसी आवाज़ें सुनाई देने लगीं। आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग नींद से उठकर घरों से बाहर निकल आए। किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया और एहतियात के तौर पर आसपास की बिजली भी काट दी गई।
ट्रक चालक विजय ने बताया कि वह हल्द्वानी से खाली ट्रक लेकर बरेली लौट रहा था। ट्रक में करीब 60 से अधिक CNG सिलेंडर मौजूद थे। हादसे के बाद ट्रक के नीचे दबे वाल्वों से लगातार गैस निकलती रही, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
इस बीच स्थानीय लोगों और ऑटो चालकों ने साहस का परिचय देते हुए ट्रक का शीशा तोड़कर केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। करीब 10 से 15 मिनट की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि थोड़ी भी देर हो जाती, तो यह हादसा एक बड़े विस्फोट में बदल सकता था।
फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है ।
