
बरेली । पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। थाना शाही और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये कीमत की 498.35 किलो एसिटिक एनहाइड्राइड की खेप बरामद करते हुए चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिकअप वाहन, एक रेनो ट्राइबर कार, पांच मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह प्रतिबंधित रसायन हरियाणा के मेवात से लाया गया था और इसे बदायूं के रास्ते पश्चिम बंगाल भेजा जाना था, जहां इसका इस्तेमाल हेरोइन बनाने में किया जाना था।
मुख्य आरोपी पहले भी इसी तरह के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। इस बड़ी कार्रवाई से नशा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।