
बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गौकशी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पहले पुलिस ने छापेमारी कर एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, फिर फरार मुख्य आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
बीती रात ग्राम महलऊ में गौकशी की सूचना मिलते ही इज्जतनगर पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मोहम्मद खां को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 40 किलोग्राम गौवंशीय मांस, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, गौकशी में प्रयुक्त उपकरण और अन्य सामान बरामद किया गया। पशु चिकित्साधिकारी ने बरामद मांस का नमूना लेकर शेष अवशेष का नियमानुसार निस्तारण कराया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने बहनोई अकीलुद्दीन उर्फ गट्टू समेत अन्य साथियों के साथ मिलकर गौकशी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी।
मुखबिर की सूचना पर जब पुलिस ने जंगल में छिपे अकीलुद्दीन उर्फ गट्टू को घेरने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। गोली लगने से आरक्षी रोहताश घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, कारतूस तथा गोवंश के चार पैर बरामद किए गए। घायल आरोपी और घायल पुलिसकर्मी दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने गौवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि पुलिस मुठभेड़ के संबंध में अलग से अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।