
बरेली। आगामी आषाढ़ अमावस्या गंगा स्नान पर्व और श्रावण मास कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। सोमवार को बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी और बरेली मंडलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी ने बदायूं के कछला गंगा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों के साथ सुरक्षा व व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा में डीजे की ऊंचाई और ध्वनि सीमा तय मानकों के अनुसार रहेगी तथा केवल धार्मिक और देशभक्ति गीत ही बजाए जाएंगे। 27 जुलाई से कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पूरे रूट पर सीसीटीवी, ड्रोन कैमरों और पीए सिस्टम से निगरानी होगी, जबकि घाटों पर पीएसी, एसडीआरएफ, गोताखोर, नाव और लाइफ जैकेट की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी।

प्रशासन ने कांवड़ शिविरों में अग्नि सुरक्षा, महिला श्रद्धालुओं की सुविधाओं, अस्पतालों में रिजर्व बेड, बाइक एंबुलेंस और एंटी-वेनम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं कांवड़ मार्ग पर मांस और अंडे की दुकानें बंद रहेंगी तथा शराब की दुकानों को ढकने के आदेश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी 24 घंटे नजर रखी जाएगी।
प्रशासन ने सभी विभागों को समय से तैयारियां पूरी करने और नागरिकों से नियमों का पालन कर कांवड़ यात्रा एवं गंगा स्नान पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण बनाने में सहयोग करने की अपील की है।