
बरेली। मीरगंज कस्बे के मोहल्ला खानपुर में रविवार देर शाम ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन मीरगंज की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और महज कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कांस्टेबल अंकुर कुमार द्वारा फायर स्टेशन मीरगंज को सूचना दी गई कि कस्बा व थाना मीरगंज क्षेत्र के मोहल्ला खानपुर स्थित ट्रांसफार्मर में आग धधक रही है। सूचना मिलते ही दमकल वाहन तुरंत रवाना किया गया।

फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि ट्रांसफार्मर आग की चपेट में था। तत्काल मोटर फायर इंजन से पाइप लाइन बिछाकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा होने से बच गया।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग बुझाने के बाद फायर टीम आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर वापस फायर स्टेशन मीरगंज लौट आई।