
बरेली । कृषि विभाग द्वारा किसानों के हित में बड़ी पहल करते हुए वर्ष 2026-27 की विभिन्न योजनाओं के तहत बीज वितरण के लिए ई-लॉटरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ऑनलाइन आवेदन करने वाले किसानों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया।
कृषि विभाग को निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने के बाद किसानों के चयन के लिए ई-लॉटरी प्रक्रिया अपनाई गई। इस दौरान ढैचा, धान, अरहर, उड़द और मूंग सहित विभिन्न बीजों के वितरण हेतु किसानों का चयन किया गया।
ई-लॉटरी के जरिए ढैचा बीज 45 कुंतल, धान बीज 451.04 कुंतल, अरहर बीज 13 कुंतल, अरहर मिनीकिट 34 पैकेट, उड़द मिनीकिट 1558 पैकेट और मूंग बीज व मिनीकिट के लिए पात्र किसानों का चयन किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद किसान कालीचरन ने बताया कि उन्हें ढैचा बीज हेतु चयन की सूचना उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त हो गई है। अन्य किसानों ने भी बताया कि चयन की जानकारी सीधे उनके मोबाइल पर भेजी गई है।
ई-लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उप कृषि निदेशक ने सभी अधिकारियों और किसानों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। इस मौके पर जिला कृषि अधिकारी, कृषि रक्षा अधिकारी, वैज्ञानिक और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।