
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपद के सम्मानित नागरिकों से अपील की है कि वे स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।
दरअसल, जनगणना 2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक चलाया जाएगा, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।
इस बार भारत सरकार ने जनगणना को पूरी तरह डिजिटल बनाने का फैसला लिया है। इसी क्रम में 7 मई से 21 मई 2026 तक “सेल्फ एन्यूमरेशन” यानी स्व-गणना की सुविधा शुरू की गई है, ताकि नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या गिनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि आयु, लिंग, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक-आर्थिक स्थिति जैसे महत्वपूर्ण आंकड़ों का संग्रह है, जिनके आधार पर भविष्य की सरकारी योजनाएं और नीतियां तय की जाती हैं।
बरेली में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से इस अभियान का शुभारंभ किया जा चुका है और अब प्रशासन चाहता है कि अधिक से अधिक लोग इस डिजिटल जनगणना अभियान से जुड़ें।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सभी जागरूक नागरिकों से अपील की है कि वे स्व-गणना के इस राष्ट्रीय अभियान में भाग लेकर जनगणना 2027 को सफल बनाएं।