कमिश्नरी परिसर में पहलगाम के शहीदों को दी श्रद्धांजलि , कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना



दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन, “ऑपरेशन सिंदूर” को लेकर सरकार की नीति पर उठाए सवाल


बरेली। जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कमिश्नरी परिसर में पहलगाम के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के बलिदान को याद किया और उन्हें नमन किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष दिनेश दादा ने कहा कि पाकिस्तान की कायरतापूर्ण हरकत ने देश की बहनों का सिंदूर उजाड़ा, जिसके जवाब में सरकार ने “ऑपरेशन सिंदूर” शुरू किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भारतीय सेना पाकिस्तान पर भारी पड़ रही थी, उसी समय अभियान को समाप्त कर दिया गया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना था कि यदि सरकार ने मजबूत इच्छाशक्ति दिखाई होती, तो पाकिस्तान को कड़ा सबक सिखाया जा सकता था। उन्होंने सरकार से पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पाक अधिकृत कश्मीर को भारत में वापस लाने की मांग की।
प्रवक्ता के.बी. त्रिपाठी ने कहा कि सरकारें बदलती रहती हैं, लेकिन ऐसे अवसर बार-बार नहीं आते। उनका कहना था कि “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान देश को जो मौका मिला, उसे सरकार ने गंवा दिया और इसका अफसोस लंबे समय तक रहेगा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण पाकिस्तान के दो टुकड़े हुए थे और आज देश को वैसी ही मजबूत नेतृत्व क्षमता की आवश्यकता है।
प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने कहा कि पहलगाम की घटना को याद कर आक्रोश उत्पन्न होता है। उन्होंने कहा कि सरकार जिस तरह से जवाब दे सकती थी, वैसा नहीं दे पाई, जो चिंता और शर्म का विषय है।
इस अवसर पर तीरथ मधुकर, विनोद कुमार, प्रवीण मिश्रा, मनोज शर्मा, देवेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, एडवोकेट पूनम दीप सिंह, रेहान बसीरी, प्रवीण उपाध्याय, गोरांग घोष, मोहम्मद कासिम, इंजीनियर जीशान अफरीदी, जितेंद्र बाबू, एडवोकेट मनोज शर्मा, योगेश जायसवाल, मुजम्मिल, मोबिन कुरैशी, आशीष रुस्तम सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks