अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस एवं अग्नि सुरक्षा सप्ताह का आयोजन

बरेली में 14 से 20 अप्रैल तक जागरूकता कार्यक्रम व प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल का होगा आयोजन

बरेली। 14 अप्रैल 1944 को मुंबई के विक्टोरिया बंदरगाह पर खड़े ‘फोर्ट स्टिकिन’ नामक जहाज में भीषण आग लगने की घटना में अनेक अग्निशमन कर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। इस वीरता और बलिदान की स्मृति में भारत सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है।
इसी क्रम में दिनांक 14 अप्रैल 2026 को जनपद बरेली में अग्निशमन एवं आपदा सेवा के अंतर्गत संचालित सभी अग्निशमन केंद्रों पर यह दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया।


इस अवसर पर अग्नि दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने तथा जनसामान्य को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम
“सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज – आग की रोकथाम के लिए एक साथ”
के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अग्निशमन विभाग द्वारा इस दौरान जनपद के विभिन्न संस्थानों, स्कूल-कॉलेजों, अस्पतालों, बाजारों एवं आवासीय परिसरों में अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण, मॉक ड्रिल तथा फायर ऑडिट कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


वर्तमान में जनपद बरेली में 8 अग्निशमन केंद्र संचालित हैं, जिन पर कुल 141 अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात हैं, जो अत्याधुनिक उपकरणों एवं वाहनों की सहायता से अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं।
वर्ष 2025 के दौरान अग्निशमन विभाग द्वारा कुल 694 अग्निकांडों पर नियंत्रण पाया गया, 360 लोगों का जीवन बचाया गया तथा करोड़ों की संपत्ति को सुरक्षित किया गया। इसके साथ ही 729 मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसके अतिरिक्त वर्ष 2025-26 में विभिन्न जुलूसों, वीआईपी/वीवीआईपी कार्यक्रमों एवं त्योहारों के दौरान पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने में भी अग्निशमन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks