
बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जेवर स्थित आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भव्य लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तैयार यह ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रदेश के 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को नई गति देगा।
यह एयरपोर्ट अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिसकी शुरुआती यात्री क्षमता लगभग 1.2 करोड़ प्रतिवर्ष है, जिसे भविष्य में 7 करोड़ तक बढ़ाया जाएगा। वहीं कार्गो क्षमता भी 2.5 लाख टन से बढ़ाकर 15 लाख टन तक की जाएगी।
एयरपोर्ट की खासियतों में मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी, डिजियात्रा आधारित डिजिटल सिस्टम, लॉजिस्टिक्स हब, एमआरओ सुविधाएं और ग्रीन एनर्जी आधारित ‘नेट जीरो एमिशन’ डिजाइन शामिल हैं।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का सीधा लाभ जनपद बरेली को भी मिलेगा।
यहां के ओडीओपी उत्पाद अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
स्थानीय उद्योग, कृषि और सेवा क्षेत्र को नई रफ्तार मिलेगी, जबकि युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

यमुना एक्सप्रेस वे समेत प्रमुख मार्गों से जुड़ा यह एयरपोर्ट प्रदेश में आवागमन को और आसान बनाएगा। प्रस्तावित मेट्रो, बस और टैक्सी नेटवर्क इसे मल्टी-मॉडल ट्रांजिट हब के रूप में विकसित करेगा।
स्थानीय व्यापारी और उद्यमियों ने खुशी जताते हुए कहा कि इस परियोजना से व्यापार, पर्यटन और निवेश को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

करीब 1 लाख करोड़ रुपये के संभावित आर्थिक योगदान के साथ जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश की प्रगति का नया इंजन बनने जा रहा है। यह परियोजना ‘लोकल से ग्लोबल’ के सपने को साकार करते हुए प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।