भारत पर्व में ढिमरयाई व कांगड़ा लोकनृत्य तथा देशभक्ति लोकगायन ने बांधा समां

भारत पर्व में ढिमरयाई व कांगड़ा लोकनृत्य तथा देशभक्ति लोकगायन ने बांधा समां

क्यूं ना लिखूं सच, राजकुमार शर्मा (कटारे)
शिवपुरी। गणतंत्र दिवस की संध्या पर स्वराज संस्थान संचालनालय, मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग भोपाल एवं जिला प्रशासन शिवपुरी के संयुक्त तत्वावधान में भारत पर्व का आयोजन स्थानीय शासकीय कन्या महाविद्यालय (लाल कॉलेज) शिवपुरी में किया गया। कार्यक्रम में लोकनृत्य और देशभक्ति लोकगायन की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
भारत पर्व के अंतर्गत संस्कृति विभाग द्वारा नामित कलाकारों ने आकर्षक लोकनृत्य एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर लोकतंत्र के उत्सव को उल्लासपूर्ण बना दिया। अशोकनगर से आए कलाकार हंसमुख केवट द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति लोकगायन तथा विदिशा के कलाकार परमानंद केवट द्वारा प्रस्तुत ढिमरयाई एवं कांगड़ा लोकनृत्य को दर्शकों ने खूब सराहा और करतल ध्वनि से स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, सांसद प्रतिनिधि हरिओम राठौर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज सहित अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। अतिथियों ने कलाकारों का पुष्पहारों से स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन गिरीश मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा मध्यप्रदेश शासन की विकास योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका उपस्थित नागरिकों ने अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में उपसंचालक कृषि पान सिंह करौरिया, महिला एवं बाल विकास अधिकारी धीरेंद्र जादौन, जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव, सहायक परियोजना अधिकारी डूडा सौरभ गौड़, कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य एन.के. जैन सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

About The Author

Team KNLS Live

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks