बुंदेलखंड राज्य क्यों? विषय पर खागा में संगोष्ठी का आयोजन
जिला खागा और घाटमपुर का गठन कर फतेहपुर मंडल का हो गठन
खागा, फतेहपुर: बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के तत्वावधान में खागा नगर में “बुंदेलखंड राज्य क्यों?” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय ने की। संगोष्ठी में बुंदेलखंड राज्य निर्माण के लाभों पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रवीण पाण्डेय ने कहा कि बुंदेलखंड राज्य का निर्माण न केवल क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए आवश्यक है, बल्कि इससे रोजगार, जल संकट और विकास की अन्य समस्याओं का समाधान भी होगा। उन्होंने फतेहपुर मंडल के गठन का सुझाव दिया, जिसमें फतेहपुर, खागा और घाटमपुर को शामिल कर नए जिलों का गठन करने की मांग की।
संगठन महामंत्री यज्ञेश ने कहा कि बुंदेलखंड की जनता को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आंदोलन करना होगा। शिक्षक जिला मंत्री विजय त्रिपाठी ने राज्य निर्माण को शिक्षा और विकास के लिए जरूरी बताया।
व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल ने क्षेत्र की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि बुंदेलखंड राज्य से स्थानीय विकास को गति मिलेगी। अन्य वक्ताओं में खागा के जिला अध्यक्ष राम प्रसाद विश्वकर्मा, डॉ. कमल गुप्ता, अतुल साहू, धीरज मैदानवाल, संतोष केसरी और ऋषि केसरी ने अपने विचार व्यक्त किए और बुंदेलखंड राज्य निर्माण के पक्ष में जोरदार समर्थन दिया।
संगोष्ठी में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और समाजसेवी उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने एकजुट होकर आंदोलन को तेज करने का संकल्प लिया।