
एटा – इसके बाद नए आलू का भंडारण शुरू होगा। जिले के सभी कोल्ड स्टोरों में अब तक किसानों का 50 फीसदी तक पुराना आलू पड़ा हुआ है, जिसके चलते पुराने आलू की स्थिति आगामी दिनों में खराब होने की स्थिति बन सकती है। जबकि किसान भाव बढ़ने की उम्मीद में अभी तक आलू को कोल्ड स्टोर से बाहर निकालने की नहीं सोच रहे है।
मंगलवार को जिला उद्यान निरीक्षक रवेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले के सभी 18 कोल्ड स्टोरों में पिछले वर्ष कुल 01 लाख 21 हजार 387.3 मीट्रिक टन आलू का भंडारण किया गया था। इसमें से कुल 57 हजार 39.89 मीट्रिक टन आलू को ही पिछले माह 21 सितंबर तक कोल्ड स्टोरों से बिक्री के लिए निकाला गया है।
किसानों का शेष 64348 मीट्रिक टन आलू अभी भी कोल्ड स्टोरों में रखा हुआ है। जबकि शासनादेश के अनुसार किसानों को 30 नवंबर तक कोल्ड स्टोर में रखे पुराने आलू को निकालना पड़ेगा। उसके बाद नए आलू का भंडारण शुरू होगा। जिला उद्यान निरीक्षक ने बताया कि वर्तमान में कोल्ड स्टोरों के अंदर रखे कुल 64348 मीट्रिट आलू का 30 फीसदी भाग यानी लगभगन 19304 मीट्रिक टन आलू को किसान बीज के रुप में उपयोग कर लेगे। इसके बाद भी कोल्ड स्टोरों में 45 हजार 44 मीट्रिक टन आलू शेष रह जाएगा। जिसे किसानों को हर सूरत में बेचना पड़ेगा।