
यूपीआई लाइट से एक बार में 500 रुपये भेज सकेंगे
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने डिजिटल भुगतान की पहुंच तथा इस्तेमाल को और बढ़ाने के लिए ‘यूपीआई लाइट’ पर ऑफलाइन माध्यम से एक बार में भुगतान की सीमा को 200 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये करने का प्रस्ताव किया है। इसके साथ ही नियर फील्ड कम्युनिकेशन (एनएफसी) तकनीक का उपयोग करके ऑफलाइन लेनदेन की सुविधा भी जल्द शुरू की जाएगी।
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने गुरुवार को बताया कि यूपीआई पर छोटे मूल्य के लेनदेन की रफ्तार बढ़ाने के लिए सितंबर 2022 में ‘यूपीआई लाइट’ को पेश किया गया था। अब इसके इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए इसे एनएफसी तकनीक से जोड़ा जाएगा। इसकी मदद से लोग बिना इंटरनेट के ऑफलाइन भी यूपीआई के जरिए रकम भेज सकेंगे।
अधिकतम सीमा 2000 रुपये ही रहेगी आरबीआई गवर्नर ने कहा कि छोटे मूल्य के डिजिटल भुगतान के लिए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) और यूपीआई लाइट सहित ऑफलाइन मंच से एक बार में 200 रुपये भेजने की सीमा को बढ़ाकर 500 रुपये करने का प्रस्ताव है।