26 जून को देवघर पहुंचेंगे जलपुरुष राजेन्द्र सिंह, होगा जल समस्या पर मंथन
देवघर से लौट कर रांची में 27 जून को मुख्यमंत्री से मिलेंगे जलपुरुष
देवघर से

भारत के प्रख्यात पर्यावरणविद और जलसंरक्षण पर 46 वर्षों से कार्य कर रहे वाटरमैन ऑफ इंडिया राजेन्द्र सिंह जी 26 जून को देवघर आएंगे। उनके सान्निध्य में देवघर के लोगों के साथ पानी पंचायत आयोजित होगा। पानी पंचायत कार्यक्रम का संयोजन संप चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, देवघर कर रहा है। कार्यक्रम के संयोजक संप चैम्बर के अध्यक्ष आलोक मल्लिक ने बताया कि जलपुरुष के साथ 26 जून को देवघर के शिल्पग्राम ऑडिटोरियम, नंदन पहाड़ में आयोजित विशाल पानी पंचायत देवघर की जनता और संगठनों के सामूहिक मंच से होगा। इसमें देवघर जिले के सभी पंचायत जनप्रतिनिधि, जिला परिषद सदस्य, बीस सूत्री सदस्य, राजनैतिक दल प्रतिनिधि, सभी स्वयंसेवी और सामाजिक संगठन के साथ ही जिले के प्रबुद्धजन एक साथ बैठकर जलपुरुष से सीधे संवाद करेंगे। संवाद के पश्चात देवघर में पानी की समस्या और देवघर को पानीदार बनाने की योजनाओं और समाधान पर जलपुरुष प्रकाश डालेंगे। चैम्बर के अध्यक्ष आलोक मल्लिक ने शिल्पग्राम स्थित ऑडिटोरियम में पूर्वाह्न 10.30 बजे से आयोजित पानी पंचायत में सभी जनप्रतिनिधियों और संगठनों से आगे बढ़कर कार्यक्रम में शिरकत करने की अपील की है। अखबार के माध्यम से प्राप्त सूचना पर भी अपने देवघर की पानी समस्या पर मंथन के लिए सभी शामिल रहें। देवघर के जलस्तर लगातार नीचे जा रहे हैं, पानी की समस्या विकराल हो रही है। पुनासी डैम से राहत मिलने वाली है, लेकिन हमें भविष्य के लिए और भी सजग रहने की जरूरत है। जलक्षेत्र में उनके अनुभवों का देवघर को फायदा उठाना है। सिर्फ शासन-प्रशासन पर हम जल समस्या के निदान की आशा नहीं कर सकते। प्रत्येक व्यक्ति को देवघर को पानीदार बनाने में कुछ न कुछ जिम्मेदारी लेनी होगी।
पानी पंचायत के पूर्व जलपुरुष सुबह 8 से 9.30 बजे के बीच बाबा बैद्यनाथ का दर्शन पूजन करेंगे और शिवगंगा सहित मंदिर के आसपास भ्रमण कर पानी की समस्या को समझेंगे।
देवघर भ्रमण कार्यक्रम में संध्या 4 से 7 बजे तक वे पुनासी, सत्संग, बीआइटी सहित कुछ जगह स्थल भ्रमण भी करेंगे। वे 26 को रात्रि में ही रांची के लिए प्रस्थान करेंगे। देवघर भ्रमण के बाद 27 जून को शाम 5 बजे जलपुरुष रांची में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मिलेंगे और देवघर के पानी पंचायत की जानकारी उनके साथ साझा करेंगे। विदित हो कि जलपुरुष झारखण्ड में बाढ़ और सुखाड़ से दिनोंदिन हालत बदतर होने पर चिंता जताई थी और मुख्यमंत्री से मिलने की इच्छा जाहिर की थी। उम्मीद है उनका 3 दिवसीय झारखण्ड दौरा से यहां पानी समस्या के समाधान , पानी संचयन में सरकारी, गैरसरकारी और पंचायत स्तर पर अनेक परिवर्तन देखने को मिलेंगे।
*जानकारी हो कि जल संरक्षण के लिए राजेंद्र सिंह को वर्ष 2001 में रेमन मैग्सेसे पुरस्कार, 2005 में जमनालाल बजाज पुरस्कार मिला। 2008 में द गार्जियन ने उन्हें ऐसे 50 लोगों की सूची में शामिल किया, जो पृथ्वी को बचा सकते हैं। 2015 में जल के नोबेल *स्टॉकहोम वॉटर प्राइज* सम्मान मिल चुका है।