होटल लेवाना अग्निकांड:एलडीए और अग्निशमन विभाग के अधिकारी दोषी,कार्रवाई तय

होटल लेवाना अग्निकांड:एलडीए और अग्निशमन विभाग के अधिकारी दोषी,कार्रवाई तय

लखनऊ।उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अधिकारियों की सांठ-गांठ और भ्रष्टाचार की नींव पर खड़ा होटल लेवाना सुइट्स में आग के मामले की रिपोर्ट प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद को शुक्रवार की देर रात सौंप दी गई है।आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब और पुलिस कमिश्नर एसबी शिरडकर की जांच में मुख्य रूप से लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) और अग्निशमन विभाग के अधिकारी दोषी पाए गए है।इनके खिलाफ जांच रिपोर्ट में कार्रवाई की सिफारिश की गई है।

सूत्रों के मुताबिक भविष्य में होटल लेवाना अग्निकांड जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए जांच रिपोर्ट में अहम सुझाव दिए गए हैं।इस बीच लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने राजधानी लखनऊ में अवैध तरह से बने 200 होटलों की लिस्ट शासन और मंडलायुक्त को सौंपी है। 200 में 60 अवैध होटलों को सील करने का आदेश जारी कर दिया गया है।शासन ने एलडीए से ऐसे अवैध होटलों की लिस्ट मांगी थी जिनके खिलाफ एलडीए ने कार्रवाई का दावा किया था।इस संबंध में सचिव आवास अजय चौहान की ओर से शुक्रवार को एलडीए को पत्र भेज भी भेजा गया था।

होटल लेवाना मामले में अपना गला फंसता देखकर एलडीए ने शासन को गुमराह करने के लिए उसी दिन अवैध निर्माण के लिए 22 इंजीनियरों को जिम्मेदार ठहराते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की थी।मामले को ठंडे बस्ते में डालने लिए ये भी बताया कि 140 अवैध होटलों के खिलाफ कार्रवाई चल रही है।इस पर अवैध होटलों की लिस्ट तलब की गई थी। इससे पहले प्रमुख सचिव आवास नितिन रमेश गोकर्ण ने अवैध निर्माण के लिए सिर्फ इंजीनियरों को जिम्मेदार ठहराने पर आपत्ति जताते हुए संबंधित अफसरों की लिस्ट भी तलब की थी।

लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शासन को जो अवैध होटलों की लिस्ट सौंपी है,उसमें बताया गया है कि उनमें क्या कमियां हैं।अधिकतर होटल ऐसे हैं जिनके लिए एलडीए से मानचित्र स्वीकृत नहीं कराए गए हैं।सबसे पहले उन होटलों को सील किया जा रहा है जिनका नक्शा स्वीकृत नहीं है। इसके बाद ऐसे होटलों के खिलाफ कार्रवाई होगी, जिनका भू-उपयोग गलत है।

नाका थाना क्षेत्र में 2018 में जिस विराट और एसएसजे इंटरनेशल होटल में आग लगने से सात लोगों की मौत हुई थी उनमें से एसएसजे इंटरनेशनल फिर से सीना तानकर भ्रष्टाचार की बुनियाद पर खड़ा हो गया। शमन मानचित्र स्वीक़ृत करने में सांठगांठ की गई। आवासीय नक्शे पर एलडीए के इंजीनियर, अधिकारियों ने उसे दोबारा से बनवा दिया और इसे जल्द ही शुरू किए जाने की भी तैयारी थी, लेकिन लेवाना सुइट्स में आग लगने के बाद कुंभकर्णी नींद से जागा एलडीए ने शुक्रवार को इसको सील कर दिया।एलडीए के अधिकारियों का कहना है कि एसएसजे इंटरनेशनल होटल को सील करने के साथ ही अवैध निर्माण करने वाले होटलों के खिलाफ कार्रवाई की शुरुआत कर दी गई है।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks