
भाजपा हिंदू-मुस्लिम की बात करके महंगाई ध्यान हटाना चाहती है-खुर्शीद
एटा। अलीगंज में शनिवार को कांग्रेसियों ने आजादी की गौरव यात्रा निकाली। गांव नथुआपुर तिराहा से अलीपुर, नयागांव और सराय अगहत में समाप्त की गई। मुख्य अतिथि पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि भाजपा सरकार केवल हिंदू और मुस्लिम की बात करके महंगाई, अग्निपथ और बेरोजगारी से जनता का ध्यान हटाना चाहती है।
पूर्व विदेश मंत्री कहा कि देश में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ धार्मिक आधार पर पूरे देश को बांटने का काम करते हैं। जबकि कांग्रेस देश को जोड़ने का काम करती है। उप्र कांग्रेस कमेटी महासचिव प्रकाश प्रधान ने कहा कि बढ़ती हुई महंगाई ने देश की जनता को त्रस्त कर दिया है। प्रदेश सचिव व जिला प्रभारी मुनेंद्र पाल सिंह राजपूत ने कहा कि हर घर में सरकार राष्ट्रीय झंडा पहुंचाकर बेरोजगारी की समस्या से ध्यान हटाने का काम कर रही है। जिलाध्यक्ष गंगा सहाय लोधी ने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी बढ़ी है। प्रदेश सचिव कौशलेंद्र यादव, फर्रुखाबाद जिलाध्यक्ष मनोज गंगवार, शकुंतला, रामकुमार सक्सेना, आसिफ हुसैन भोले, सुभाष वर्मा, डॉ. योगेश यादव, गुलाम मुस्तफा मौजूद रहे।