
“आठ साल में गरीबों के लिए मसीहा बन गई केंद्र सरकार
~गरीब कल्याण सम्मेलन में उमड़ी लाभार्थियों की भीड़ विभागाध्यक्षों ने बताई योजनाएं”~
एटा: केंद्र सरकार के आठ साल पूरे होने पर आयोजित गरीब कल्याण सम्मेलन में वक्ता ने कहा कि आठ साल में गरीबों के लिए केंद्र सरकार मसीहा बन गई। सम्मेलन में लाभार्थियों की भीड़ उमड़ी और कई पात्र लाभार्थियों को मदद दी गई।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंकित अग्रवाल ने कहा कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के जरिए पात्र लाभार्थियों का संतृप्तीकरण सरकार का उद्देश्य है। देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन ने कहा कि हम सभी का यह दायित्व है कि कोई भी पात्र योजना का लाभ पाने वंचित न रहे। केंद्र सरकार आठ साल में गरीबों के लिए मसीहा बनकर सामने आई है। योजना का लाभ पाने के लिए अपने नजदीकी पंचायत सचिवालय, ब्लाक, नगर पालिका कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, जल जीवन मिशन, वननेशन वनराशन कार्ड, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, ग्रामीण आजीविका मिशन सहित कुल 14 योजनाओं के लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। विभागीय अधिकारियों द्वारा भी अपने-अपने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी लाभार्थियों को दी गई। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर अधिकारियों, कर्मचारियों, योजनाओं के लाभार्थियों आदि को शपथ दिलाई गई।
सीडीओ डा. अवधेश कुमार वाजपेयी, पीडी निर्मल द्विवेदी, सीएमओ डा. यूके त्रिपाठी, डीसी मनरेगा प्रतिमा निमेष, डीएओ एमपी सिंह, एडीपीआरओ मनोज त्यागी, डीएसओ राजीव मिश्र सहित अन्य अधिकारीगण, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव आदि मौजूद रहे।