ओपी राजभर ने खुलकर की भाजपा की तारीफ, बताया क्यों सत्ता में वापस आई योगी सरकार

ओपी राजभर ने खुलकर की भाजपा की तारीफ, बताया क्यों सत्ता में वापस आई योगी सरकार

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की खुलकर तारीफ की है। अखिलेश यादव पर एसी कमरे में बैठकर राजनीति करने का आरोप लगा रहे ओपी राजभर ने मेहनत और हर समय चुनावी मोड में रहने को लेकर भाजपा की तारीफ की है। उन्होंने कहा है कि 37 साल बाद यूपी में भाजपा की वापसी इसलिए हुई है, क्योंकि पार्टी लगातार मेहनत करती है। उन्होंने यह भी कहा कि दूसरी पार्टियों के नेता चुनाव के बाद सो जाते हैं।

ओपी राजभर ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा, ”भाजपा, चाहें मोदी जी हों, या योगी जी हों, या पूरी पार्टी, ये 24 घंटा चुनावी मोड में रहते हैं। सदन चल रहा है। योगी जी सदन छोड़कर चले गए उत्तराखंड में प्रचार करने। वो लोग 24 घंटा चुनाव मोड में रहते हैं। वे 24 के चुनाव की तैयारी में हैं। जो मेहनत करेगा उसकी प्रशंसा तो कोई भी करेगा।”

यह भी पढ़ें: ओमप्रकाश राजभर के डुगडुग पर भाजपा का धुकुर-धुकुर
‘सोने से नहीं चलेगा काम, घर से बाहर निकलें’
राजभर ने कांग्रेस, सपा, बसपा जैसी पार्टियों की बदहाली के लिए निष्क्रियता को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, ”एक समय था कि कांग्रेस के नाम पर लोग वोट करते थे, टिकट मिल जाता था तो समझ लीजिए की जीत गया। आज कांग्रेस का क्या हाल है। एक दौर था कि यूपी में 19 साल तक सपा-बसपा का शासन रहा। लेकिन आज 37 साल के बाद सरकार की वापसी क्यों हुई, इसके पीछे वजह है कि भाजपा 24 घंटे चुनावी मोड में रहती है। और पार्टियां चुनाव बाद झोला-झपटा उठाकर घर में सो जाती हैं। सोने से नहीं होगा। घर से निकलना पड़ेगा। जनता के बीच जाना पड़ेगा।”

अखिलेश पर निशाना, पाला बदलने की अटकलें
पिछले कई दिनों में ओपी राजभर कई बार सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साध चुके हैं। उन्होंने कहा है कि अखिलेश यादव को एसपी की आदत हो गई है। वह एसी कमरे में बैठकर राजनीति कर रहे हैं। सुभासपा प्रमुख ने गठबंधन साथी को क्षेत्र में निकलकर कार्यकर्ताओं के साथ काम करने की नसीहत दी है। पहले सपा पर हमला और अब भाजपा की तारीफ से अटकलें लग रही हैं कि ओपी राजभर एक बार फिर पाला बदलने के लिए माहौल तैयार कर रहे हैं।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks