पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप, शव सड़क पर रखकर लगाया जाम

एटा।मारहरा- शनिवार को कांशीराम कालौनी के कमरे में फंदे से लटका मिला किशोरी का शव रविवार को घर पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने पुलिस पर मुकद्दमा न लिखकर थाने से भगा दिये जाने का आरोप लगाते हुए शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक आवागमन अवरूद्ध रहा। बाद में कस्बा के कुछ सभ्रांत लोगों के समझाने और पुलिस द्वारा तहरीर लेकर मुकद्दमा दर्ज किये जाने के बाद जाम खोला गया।
मारहरा थानाक्षेत्र के पीएसी रोड स्थित कांशीराम कालौनी में राजू जोशी की 17 वर्षीय पुत्री मुस्कान का शव शनिवार को पंखे से लटका मिला था। मारहरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा था। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा। इसके बाद परिजन तहरीर लेकर मारहरा थाने गये, लेकिन पुलिस द्वारा तहरीर नहीं ली गई। आरोप है, कि पुलिस ने मामला दर्ज करने से इनकार करते हुए परिजनों को थाने से भगा दिया। इससे गुस्साये परिजनों ने शव को कस्बा के मुख्य मार्ग पर रखकर, जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर मौके पर पहुंचे मारहरा एसओ रामकेश राजपूत ने गुस्साये परिजनों को समझाते हुए जाम खोलने की बात कही, लेकिन परिजन एसएसपी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गये। करीब एक घंटे लगे जाम के बाद कुछ स्थानीय सभ्रांत लोगों ने परिजनों को समझाया और पुलिस ने भी तहरीर लेकर मामला दर्ज किया। तब कहीं जाकर जाम खुल सका।
मृतका मुस्कान के पिता राजू जोशी द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया है, कि कालौनी का ही आकाश पुत्र निरंजन उसकी पुत्री से भाग चलने को कहता था, लेकिन मुस्कान इसका विरोध करती थी। इसी बात से रंजिश मानते हुए आकाश ने अपने बहनोई प्रवेश की मदद से मुस्कान की हत्या कर दी है। राजू को कहना है, कि उसकी छोटी पुत्री अंजलि ने आकाश और प्रवेश को उसके कमरे से बाहर निकलते भी देखा था।