
दोमंजिला दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जला
एटा – जलेसर। नगर के मोहल्ला हथौड़ा में शनिवार सुबह करीब चार बजे इलेक्ट्रॉनिक्स की दो मंजिला दुकान में आग लग गई। जिसमें लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
आग की लपटें दुकान के शटर से बाहर आ रही थीं। जिन्हें देख मोहल्लावासियों ने दुकान मालिक राशिद निवासी मोहल्ला गढ़ीमानखां को सूचना दी। दुकान पहुंचकर जब राशिद ने शटर खोला तो अंदर भीषण आग लगी हुई थी।
राशिद ने बताया कि 15 साल से यहां दुकान कर रहे हैं। होली के त्योहार के चलते दुकान दो दिन से बंद थी। त्योहार व गर्मी के सीजन को देखते हुए करीब दस लाख रुपये का सामान लेकर आए थे। जो दुकान में रखा हुआ था।
आग लगने पर मोहल्ले के लोगों ने काफी देर तक इसे बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग इतनी भीषण थी कि इस पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
दमकल की टीम ने करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दुकान का फर्नीचर सहित दुकान में रखे एलईडी बल्ब, मिक्सी, जूसर, पंखे, टीवी आदि उपकरण जलकर खाक हो गए।