
जिले के चार स्थानीय नगर निकायों में 125 करोड़ रुपये खर्च कर घर-घर पानी पहुंचाया जाएगा
एटा। अमृत योजना 2.0 के तहत जिले के चार स्थानीय नगर निकायों में 125 करोड़ रुपये खर्च कर घर-घर पानी पहुंचाया जाएगा। शुरूआत में चार निकायों का चयन किया गया है। इसके बाद अन्य पांच निकायों में भी इस योजना के तहत काम कराया जाएगा। पहले चरण में जलेसर, अलीगंज नगर पालिका और जैथरा व सकीट नगर पंचायतों का चयन किया गया है।
खासतौर से खारे पानी से परेशान जलेसर क्षेत्र के लिए यह बड़ी सौगात होगी। वहीं अन्य निकायों के लोगों को भी काफी बड़ी राहत मिलेगी। अमृत योजना 2.0 के तहत निकाय क्षेत्रों में ओवरहेड टैंक बनाए जाएंगे। इसके बाद पाइप लाइन बिछाकर घर-घर पानी के कनेक्शन दिए जाएंगे।
जलेसर में लोगों को मिलेगा शुद्ध पानी
जलेसर क्षेत्र में कई इलाके खारे पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। अमृत योजना 2.0 के तहत घर-घर पानी के कनेक्शन देने के बाद इन इलाकों के लोगों को खारे पानी की समस्या से राहत मिलेगी। उन्हें पीने के लिए शुद्ध पानी उपलब्ध होगा।